दुनियाभर में कोरोनावायरस से आठ लाख 58 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। अब तक 42 हजार 322 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, एक लाख 78 हजार 101 व्यक्ति स्वस्थ भी हुए हैं। अमेरिका में एक दिन में 811 लोगों की जान गई है। जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक, यहां अब तक चार हजार 76 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि एक लाख 89 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं। वहीं इटली, स्पेन और फ्रांस में एक दिन में दो हजार 84 लोगों की जान जा चुकी है।
कोरोना पर संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि कोरोनावायरस दुनिया के सामने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सबसे बड़ी चुनौती है। महामारी को रोकने के लिए दुनियाभर के देशों को ज्यादा मजबूत और प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है। इसकी वजह से सामाजिक और आर्थिक तबाही हुई है। हम यूएन के 75 साल के इतिहास में पहली बार सबसे बड़े वैश्विक स्वास्थ्य संकट का सामना कर रहे हैं।
अमेरिका: ट्रम्प बोले- मुश्किल दौर के लिए तैयार रहें
राष्ट्रपति ट्रम्प ने मंगलवार को व्हाइट हाउस में डेली ब्रीफिंग के दौरान कहा, ‘‘अमेरिकियों के लिए अगले दो हफ्ते बेहद दर्दभरे रहने वाले हैं। इसके बाद यहां स्थिति बेहतर होगी। मैं चाहता हूं हर अमेरिकी आने वाले मुश्किल दिनों के लिए तैयार रहे। यह देश के लिए परीक्षा की घड़ी है। पहले हमने कभी ऐसे संकट का सामना नहीं किया। संक्रमितों की संख्या कम करने के लिए उनके प्रति एकजुटता और प्रेम दिखाने की जरूरत है। यह जीवन और मौत का मामला है।’’ बाद में ट्रम्प ने दो हफ्ते को तीन हफ्ते तक बढ़ा दिया। देश में और एक महीने सोशल डिस्टेंसिंग की जा सकती है। व्हाइट हाउस के अधिकारी डेबोराह बीरक्स ने मंगलवार को कहा, “हमारे देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या एक से दो लाख तक हो सकती है। हमें विश्वास और उम्मीद है कि बीमारी से निपटने के लिए हम हर दिन और बेहतर कर सकते हैं।”

इटली: मौतों का आंकड़ा 12 हजार के पार
worldometers.info के मुताबिक, इटली में एक दिन में 837 लोगों की मौत हुई है और चार हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं। अब तक 12 हजार 428 लोगों की जान जा चुकी है। यहां एक लाख पांच हजार से ज्यादा संक्रमित हैं। मंगलवार रात हेल्थ एजेंसी ने बताया कि 66 डॉक्टरों की कोरोना से मौत हो चुकी है। कुछ दिन पहले यह आंकड़ा 43 बताया गया था। कुल मिलाकर 8,956 हेल्थ केयर वर्कर संक्रमित हैं।

स्पेन: एक दिन में 748 लोगों की मौत
स्पेन में मंगलवार को 748 लोगों की मौत हुई। यहां एक दिन पहले 913 लोग मारे गए थे। देश में अब तक आठ हजार 464 लोग जान गंवा चुके हैं। यहां 95 हजार 913 लोग संक्रमित हैं। यहां लॉकडाउन का तीसरा हफ्ता चल रहा है। नेशनल हेल्थ इमरजेंसी के चीफ फर्नांडो सिमॉन भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

फ्रांस: मंगलवार को 499 लोगों की मौत
फ्रांस में एक दिन में सबसे ज्यादा 499 लोगों की मौत हुई है। वहीं, सोमवार को यहां 418 लोगों ने जान गंवाई थी। देश में अब तक तीन हजार 523 लोगों की मौत हो चुकी है। फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैकों ने मंगलवार को कहा कि देश में ही मास्क के उत्पादन में तेजी लाई जाएगी। महामारी के कारण फेस मास्क और ग्लव्स की मांग बढ़ गई है। मैक्रों ने कहा- फ्रांस में मास्क की खपत हर हफ्ते चार लाख से बढ़कर चार करोड़ से ज्यादा हो गई है। इससे पहले हमें लगा कि हम अन्य देशों से जल्दी और बड़ी मात्रा में मास्क आयात कर सकते हैं। फ्रांस ने चीन को एक अरब से ज्यादा मास्क के ऑर्डर दिए हैं।
चीन: कोई केस नहीं, केवल 5 मौतें
चीन में मंगलवार को संक्रमण का एक भी मामला दर्ज नहीं किया गया। यहां केवल पांच लोगों की मौत हुई। चीन में स्थिति धीरे-धीरे बेहतर हो रही है। कोरोनावायरस के एपिसेंटर रहे वुहान में अभी भी आंशिक रूप से लॉकडाउन है। हालांकि, ट्रेन और उड़ान सेवा शुरू कर दी गई है। 8 अप्रैल को लॉकडाउन यहां से पूरी तरह खत्म हो जाएगा।
द. अफ्रीका: भारतीय मूल की वायरोलॉजिस्ट की मौत
दक्षिण अफ्रीका में वायरोलॉजिस्ट गीता राम जी की कोरोनावायरस से मंगलवार को मौत हो गई। वह देश में इस महामारी मरने वाली पहली भारतीय हैं। द. अफ्रीका में अब तक 5 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 1353 लोग संक्रमित हैं। 64 वर्षीय रामजी एक हफ्ते पहले ही लंदन से लौटी थीं, उस समय उनमें कोरोना के कोई लक्षण नजर नहीं आए थे।

ऑस्ट्रेलिया: 60 न्यूजपेपर की प्रिंटिंग बंद
ऑस्ट्रेलिया में कोरोनावायरस से दस हजार 180 लोग संक्रमित हैं, जबकि 128 लोगों की मौत हो चुकी है। रूपर्ट मर्डोक के ऑस्ट्रेलियाई प्रमुख मीडिया समूह न्यूज कॉर्प ने बुधवार को घोषणा की कि वह लगभग 60 क्षेत्रीय समाचार पत्रों को छापना बंद कर देगा। क्योंकि कोरोना की वजह से विज्ञापन नहीं मिल रहा और मीडिया समूह को नुकसान हो रहा है। न्यूज कॉर्प ने कहा कि न्यू साउथ वेल्स, विक्टोरिया, क्वींसलैंड और दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के राज्यों में प्रिंटिंग बंद हो जाएगा और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर काम होते रहेंगे।

पाकिस्तान: पंजाब और सिंध में ज्यादा मामले
पाकिस्तान में पंजाब (708) और सिंध प्रांत (676) सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। देश में अब तक दो हजार सात केस सामने आ चुके हैं। मंगलवार को पंजाब में 18 नए मामले मिले। वहीं, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 148 और इस्लामाबाद में 58 केस सामने आए हैं। यहां 26 लोगों की मौत हो चुकी है।

टॉप 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश
देश | कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
अमेरिका | 1,89,510 | 4,076 | 7,109 |
इटली | 1,05,792 | 12,428 | 15,729 |
स्पेन | 95,923 | 8,464 | 19,259 |
चीन | 81,518 | 3,305 | 76,052 |
जर्मनी | 71,808 | 775 | 16,100 |
फ्रांस | 52,128 | 3,523 | 9,444 |
ईरान | 44,605 | 2,898 | 14,656 |
ब्रिटेन | 25,150 | 1,789 | 135 |
स्विट्जरलैंड | 16,605 | 433 | 1,823 |
तुर्की | 13,531 | 214 | 243 |